18 से 20 दिसम्बर तक टिहरी लेक फेस्टिवल प्रस्तावितः डीएम

WhatsApp Channel Join Now
18 से 20 दिसम्बर तक टिहरी लेक फेस्टिवल प्रस्तावितः डीएम


नई टिहरी, 03 नवंबर (हि.स.)। टिहरी लेक फेस्टिवल के आयोजन को लेकर डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फेस्टिवल के आयोजन की संभावित तिथियों पर चर्चा की गई। जिसमें 18 से 20 दिसंबर को आयोजन कराने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने आयोजन को लेकर सुझाव दिए।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक लोक कलाओं व कलाकारों को महोत्सव में प्राथमिकता देने की बात कही। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने उद्घाटन अथवा समापन कार्यक्रम नई टिहरी मुख्यालय में आयोजित करने सहित सभी स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के वादकों की प्रतियोगिता आयोजित करने, स्थानीय कलाकारों, महिलाओं व स्थानीय परिधान को प्रमुखता देने का सुझाव दिया। चंबा पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, प्रमुख प्रतापनगर मनीषा पंवार ने महिलाओं को विशेष अवसर देने, कीर्तिनगर प्रमुख अचला खंडेलवाल ने काष्ठ कला सहित हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की बात कही।

बैठक में फेस्टिवल के दौरान मास्टर शेफ, फैशन शो, सोशल मीडिया रील, रैप, कैरिअप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट, पेंटिंग व अन्य प्रतियोगिताओं के अलावा गंगा आरती, फूड फेस्टिवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने पर चर्चा हुई। नए आकर्षण के रूप में एक्रो शो को प्रस्तावित किया गया। साथ ही ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी), कैंपिंग, मैराथन, रॉक क्लाइंबिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। बैठक में विधानसभा स्तर पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने पर चर्चा हुई।

इसके तहत घनसाली में मासरताल ट्रैक व मैराथन, धनोल्टी में एमटीबी राइड, कैंपिंग व नागटिब्बा ट्रैकिंग, प्रतापनगर में पीढ़ी पर्वत ट्रैकिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम व एस्ट्रोनॉमी, देवप्रयाग में रघुनाथ मंदिर भ्रमण, गंगा आरती, संगम पर योग एवं रॉक क्लाइंबिंग जबकि नरेंद्रनगर में बर्ड वॉचिंग, ट्रेकिंग प्रस्तावित किया गया। बैठक में सीडीओ वरूणा अग्रवाल, एसडीएम कमलेश मेहता, डीडीओ मोहम्मद असलम, पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771819 Articles

Share this story