राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जनगणना के तहत टिहरी के पत्रकारों ने कराई स्व गणना
नई टिहरी, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सभागार में पत्रकारों ने सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की। पत्रकारों ने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण स्वयं दर्ज कर जनगणना की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता की। संबंधित अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया, इसकी उपयोगिता सहित ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी गई।
स्व-गणना से संबंधित सवालों का समाधान भी किया गया। सोमवार को डीएम नितिका खंडेलवाल ने पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रेस लोकतंत्र और समाज के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के विषयों को समाज तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है।
कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने का आधार है। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्व-गणना की डिजिटल सुविधा के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने पत्रकारों से इस सुविधा की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने की अपील की। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

