टिहरी बस हादसे पर भाजपा-कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
टिहरी बस हादसे पर भाजपा-कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक


देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। टिहरी गढ़वाल के गुलर क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए बस हादसे पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने शोक व्यक्त किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने अपने शोक संदेश में कहा कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्री बस का दुर्घटनाग्रस्त होना अत्यंत दुखद है। हादसे में हुई जनहानि से पूरा प्रदेश शोकाकुल है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और भाजपा संगठन की ओर से प्रभावित परिवारों तथा घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि पहाड़ी मार्गों पर इस तरह की सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपाय किए जाने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी हादसे पर शोक जताया और ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाकात की। रावत ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि हादसे में मारे गए उत्तराखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों के लोगों और पर्यटकों के परिजनों को भी उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित उपचार का खर्च राज्य सरकार वहन करे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778840 Articles

Share this story