एआई व ई-कंटेंट रिव्यू तकनीक पर शिक्षकों ने पाया व्यावहारिक प्रशिक्षण
चंपावत, 29 नवंबर (हि.स.)। चंपावत के लोहाघाट स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में पाँच दिवसीय दीक्षा–ई-कंटेंट मैपिंग एवं रिव्यू कार्यशाला का समापन हो गया। इस कार्यशाला में जिले के 24 चयनित शिक्षकों ने भाग लिया और डिजिटल शिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को दीक्षा प्लेटफॉर्म, ई-कंटेंट मैपिंग व रिव्यू तकनीक, ओपन एजुकेशनल रिसोर्स और कक्षा-कक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रतिभागी शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी और समय की मांग के अनुरूप बताया। उन्होंने भविष्य में एआई, एमएस ऑफिस और अन्य डिजिटल टूल्स पर एडवांस प्रशिक्षण आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समापन कार्यक्रम में संस्थान के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. अनिल मिश्रा ने कहा कि डिजिटल शिक्षा की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को भी बेहतर बनाते हैं। प्राचार्य ने गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण जारी रखने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण समन्वयक लता आर्या, मास्टर ट्रेनर शंकर सिंह अधिकारी और विजय कुमार भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

