पदमपुरी इंटर कॉलेज में गैर हाजिर मिले शिक्षक, सीईओ ने की कार्रवाई की संस्तुति

WhatsApp Channel Join Now
पदमपुरी इंटर कॉलेज में गैर हाजिर मिले शिक्षक, सीईओ ने की कार्रवाई की संस्तुति


नैनीताल, 13 मई (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी-सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय ने बुधवार को धारी व भीमताल विकासखंड के दो विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हेड़िया गांव के विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए भेज दी।

सीडीओ के अनुसार हेड़िया गांव के विद्यालय में कुल 13 छात्र अध्ययनरत हैं, लेकिन पिछले तीन दिनों से विद्यालय में एक भी शिक्षक उपस्थित नहीं मिला। विद्यालय के दोनों नियमित शिक्षक अवकाश पर हैं। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत भेजे गए शिक्षक हरीश चन्द्र पाठक भी बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र जंगली जानवरों के आतंक से प्रभावित है और ऐसे में बच्चों को असुरक्षित छोड़ना गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब कर विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने के निर्देश दिए।

इसके बाद सीडीओ ने धारी विकासखंड के संत सोमवारी महाराज राजकीय इंटर कॉलेज पदमपुरी का निरीक्षण किया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले तथा विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। विद्यालय में 306 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कक्षा 12 के विद्यार्थियों की कक्षा भी ली और उन्हें मेहनत, अनुशासन तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story