त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती
हल्द्वानी , 24 अगस्त (हि.स.)। आगामी रक्षाबंधन व जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए हल्द्वानी में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। मुख्यमंत्री के आदेश व खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में आज विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान दुकानों सेपनीर, बताशा, बतीसा, पेड़ा और रसगुल्ला के नमूने लिए गए। इन नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य गुणवत्ता से संबंधित आगे की कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 व संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभियान में अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किलअभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

