टैगोर टॉप रामगढ़ में श्रद्धापूर्वक मनाई गई गुरुदेव टैगोर की 165वीं जयंती
नैनीताल, 07 मई (हि.स.)। शांति निकेतन ट्रस्ट फॉर हिमालय के तत्वावधान में नैनीताल जनपद के रामगढ़ स्थित ऐतिहासिक टैगोर टॉप में गुरुवार को विश्वकवि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती ‘रवींद्र जन्मोत्सव’ के रूप में श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और भारतीय चिंतन से जुड़े अनेक शिक्षाविदों, साहित्यप्रेमियों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वेदपाठी कृष्णानंद शास्त्री के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। मुख्य यजमान प्रो. अतुल जोशी, देवेंद्र ढैला, हेमंत डालाकोटी, डॉ. एसडी तिवारी, डॉ. सुरेश डालाकोटी, केके पांडे एवं देवेंद्र बिष्ट ने पूजा-अर्चना और हवन कर गुरुदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद “विश्वमानवता, प्रकृति और भारतीय चेतना के अमर गायक गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसका शुभारंभ राज्य मंत्री एवं ट्रस्ट के ट्रस्टी नवीन वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया।
नवीन वर्मा ने कहा कि गुरुदेव टैगोर भारतीय संस्कृति, शिक्षा, प्रकृति प्रेम और विश्वबंधुत्व के महान संवाहक थे तथा उनके विचार आज भी मानवता को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने की प्रेरणा देते हैं। ट्रस्ट के सचिव प्रो. अतुल जोशी ने कहा कि रामगढ़ की भूमि गुरुदेव की साधना और सृजन की साक्षी रही है तथा हिमालय की वादियों में रचित उनका साहित्य भारतीय आत्मा की सार्वभौमिक अभिव्यक्ति है।
कार्यक्रम में नई दिल्ली से आईं डॉ. नीलम वर्मा ने रवींद्र संगीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दी। ट्रस्ट अध्यक्ष देवेंद्र ढैला ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय चिंतन से जोड़ने का कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र बिष्ट ने किया।
कार्यक्रम के बाद की वार्षिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें रामगढ़ में प्रस्तावित विश्वभारती केंद्रीय विश्वविद्यालय के सेटेलाइट परिसर की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. धर्मेंद्र प्रधान से प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुलाकात करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर डॉ. एसडी तिवारी, डॉ. सुरेश डालाकोटी, प्रभात मठपाल, मोहन बोरा, डॉ. विनोद जोशी, डॉ. जीवन उपाध्याय, डॉ. अशोक उप्रेती, गिरीश चंद्र डालाकोटी एवं उपेंद्र ढैला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

