शेरवुड कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी हसनैन बने बिहार के राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
शेरवुड कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी हसनैन बने बिहार के राज्यपाल


नैनीताल, 07 मार्च (हि.स.)। बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन की प्रारंभिक शिक्षा नैनीताल के प्रतिष्ठित शेरवुड कॉलेज में हुई है। उन्होंने वर्ष 1966 में शेरवुड कॉलेज से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उनके राज्यपाल बनने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने इसे विद्यालय तथा नैनीताल नगर के लिए गौरव का विषय बताया है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि शेरवुड कॉलेज ने सैयद अता हसनैन को उत्कृष्ट शिक्षा और जीवन मूल्यों की मजबूत नींव प्रदान की, जिसके आधार पर इन्होंने सेना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए देश की सेवा की। सेना में रहते हुए इन्होंने सैन्य सचिव सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया और अपने कुशल नेतृत्व से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से निपटने के साथ स्थानीय लोगों का विश्वास जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

शेरवुड कॉलेज के साथ उनका इसके बाद भी नजदीकी संबंध रहा है। वह दो बार यहां वार्षिक समारोह में आ चुके हैं। 2008-09 में वह बतौर मुख्य अतिथि आये थे और वर्ष 2019 में विद्यालय के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी वार्षिक समारोह में शामिल हुए थे। उन्होंने जम्मू कश्मीर के राज्यपाल रहते भी बहुत अच्छा कार्य किया था।

श्री संधू ने बताया कि सैयद अता हसनैन को निकट भविष्य में शेरवुड कॉलेज में आमंत्रित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा प्राप्त होगी। उल्लेखनीय है कि सैयद अता हसनैन ने श्रीलंका में भारतीय शांति सेना के साथ भी सेवाएं दीं और उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना के प्रयासों में योगदान दिया। आतंकवाद से निपटने की रणनीति और जन-केंद्रित नीति के लिए भी उन्हें जाना जाता है। इनके पिता मेजर जनरल सैयद मोहम्मद हसनैन भी भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story