बैठक से गायब बैंक अफसरों से मांगा जवाब

WhatsApp Channel Join Now
बैठक से गायब बैंक अफसरों से मांगा जवाब


पौड़ी गढ़वाल, 13 अगस्त (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति (डीएलआरसी/डीसीसी) की बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बैंकर्स एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण, स्वरोजगार एवं विभिन्न केंद्र एवं राज्य प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न बैंक शाखाओं की उपस्थिति की समीक्षा के दौरान अल्मोड़ा अर्बन कोऑपरेटिव लिमिटेड बैंक, पंजाब एवं सिंध बैंक, यूको बैंक, इंडसइंड बैंक एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र के प्रतिनिधियों के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

गुरुवार को आयोजित बैठक में डीएम ने बैंकों एवं रेखीय विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बैंकों का कार्य केवल ऋण आवेदनों के निष्पादन तक सीमित न रहे, बल्कि बैंक अधिकारी ग्राउंड पर जाकर परियोजना आधारित ऋण वितरण को बढ़ावा दें। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने योजना के लक्ष्यों को पूर्ण करने तथा पात्र किसानों को योजना से संतृप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कृषि एवं संबंधित विभागों को बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा एवं ऋण योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना, होम स्टे योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी आवेदन को अस्वीकृत किया जाता है तो उसका स्पष्ट एवं कारणयुक्त उल्लेख किया जाए, ताकि आवेदक को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। जिलाधिकारी ने बैंकों को लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा अधूरे अभिलेख वाले प्रकरणों को संबंधित विभाग एवं आवेदक से समन्वय कर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि स्वरोजगार एवं ऋण आधारित योजनाओं में युवाओं पर विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने बैंकों एवं संबंधित विभागों को पात्र युवाओं को योजनाओं की जानकारी देकर ऋण के लिए प्रेरित करने तथा स्वयं सहायता समूहों, बैंक सखी एवं अन्य सामुदायिक संसाधनों का प्रभावी सहयोग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र लाभार्थियों को वास्तविक रूप से स्वरोजगार से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।

बैठक में लीड बैंक प्रबंधक ने बताया कि वित्तीय साक्षरता के लिए लीड बैंक कार्यालय, आरसेटी, नाबार्ड एवं क्रिसिल सीएफएल द्वारा नियमित रूप से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, अपर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नंदन प्रसाद आगरी, जिला उद्योग केंद्र से प्रबंधक आर पी आर्य, उपासना सिंह, एलडीएम किशन रावत आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story