उप जिला अस्पताल में रक्त से भरे गर्भाशय की सफल सर्जरी
नई टिहरी, 19 अगस्त (हि.स.)। टिहरी के श्रीदेव सुमन उप जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जटिल ऑपरेशन कर असामान्य गर्भाशय का सफल ऑपरेशन किया है। अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने ढाई घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद यह सफलता पाई है। असामान्य गर्भाशय रक्तस्राव और निचले पेट में दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंची एक स्थानीय महिला की आवश्यक जांच के बाद गर्भाशय की सकुशल सर्जरी की गई।
उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि बुधवार को ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने करीब 700 ग्राम वजन रक्त से भरे गर्भाशय को सफलतापूर्वक निकाला। जटिलता को देखते हुए ऑपरेशन के दौरान पूरी टीम ने समन्वय के साथ कार्य किया। बताया कि सर्जिकल टीम का नेतृत्व डॉ. वर्षा पवार ने किया। वहीं जनरल सर्जन डॉ. दीपांशा वर्मा, एनेस्थीसिया टीम के डॉ. अनुराग अग्रवाल, डॉ. शिवानी ने मरीज को सामान्य बेहोशी देकर नियंत्रित श्वसन एवं वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ एनेस्थीसिया प्रबंधन किया।
डॉ. राय ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है। अब अस्पताल में हर्निया, हाइड्रोसील, गॉल ब्लैडर (पित्ताशय) सहित अन्य सर्जिकल ऑपरेशन भी शुरू किए गए हैं। जिससे क्षेत्र के मरीजों को उपचार के लिए देहरादून व ऋषिकेश के अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं और सर्जिकल सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऑपरेशन थिएटर टीम में गीता, अमित आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

