सब्जी मंडी में काम और जेब में 65 लाख की स्मैक हल्द्वानी में युवक की गिरफ्तारी
हल्द्वानी , 17 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान हल्द्वानी में एक युवक को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। मंडी क्षेत्र में पकड़े गए आरोपी के पास से 216 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 64 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह कार्रवाई 16 नवंबर को एसओजी और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने मंडी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी गेट के पास की। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से स्मैक की बड़ी खेप बरामद हुई।
आरोपित की पहचान सतीश कुमार (30) पुत्र ईश्वरी प्रसाद निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का काम करता है। अधिक पैसे कमाने के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक लेकर आया था।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। मामले की विवेचना कोतवाली हल्द्वानी पुलिस कर रही है।
इस कार्रवाई में मंडी चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार, टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार और एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा व भानू ओली शामिल रहे। एसएसपी ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए 2,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

