कोटी फैगुल में जर्जर स्कूल भवन में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं विद्यार्थी
नई टिहरी, 12 सितंबर (हि.स.)। भिलंगना ब्लॉक के कोटी फैगुल के राजकीय प्राथमिक विद्यालय पलूनी का भवन दैवीय आपदा के कारण जर्जर बना हुआ है। जिससे 19 छात्र-छात्राएं खतरे की जद में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से विद्यालय भवन की मरम्मत की मांग की।
कोटी फैगुल के प्रधान संदीप कुमार ने बताया कि गांव का स्कूल जर्जर बना हुआ है। उन्होंने एसडीएम से स्थलीय निरीक्षण कराने के साथ ही इसे दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त घोषित करने, आवश्यक धनराशि स्वीकृत कराने की मांग की है। बताया कि विद्यालय पलूनी के भवन का निर्माण वर्ष 1996 में हुआ था। तीन दशक बीत चुके हैं, लेकिन भवन की समुचित मरम्मत और रखरखाव नहीं होने के कारण उसकी स्थिति लगातार खराब होती गई। पिछले वर्षों में लगातार बारिश, भूस्खलन और अन्य दैवीय आपदाओं के कारण भवन के कई हिस्सों में दरारें पड़ गई हैं और छत का प्लास्टर भी उखड़ चुका है। विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक व ग्रामीण चिंतित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

