मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर संघर्ष समिति की सीएम से वार्ता आज

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर संघर्ष समिति की सीएम से वार्ता आज


मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर संघर्ष समिति की सीएम से वार्ता आज


नई टिहरी, 23 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर गठित संयुक्त संघर्ष समिति सोमवार (आज) को मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेगी। वार्ता के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने मध्यस्थता की है।

रविवार को बौराड़ी में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, वरिष्ठ पत्रकार महीपाल नेगी और पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि सीएम घोषणा में शामिल यह प्रोजेक्ट टिहरी के लिए अहम है। जिसको लेकर 31 जुलाई और 16 अगस्त को दो बड़ी जन रैलियां निकाली गई और आंदोलन चल रहा है। कहा कि शासन स्तर पर भी इसको लेकर कवायद चल रही है।

सीएम धामी से उम्मीद है कि वे जन भावना के अनुरूप यहां मेडिकल कॉलेज बनाएंगे। करीब 14 लोगों का शिष्टमंडल सीएम से मिलेगा। आग्रह किया है कि बैठक में स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा सचिव और टीएचडीसी के प्रतिनिधि भी रहे। ताकि सभी चीजें स्पष्ट हो जाएं। जब सरकार ने निर्माण एजेंसी तय कर दी है, तब कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। समिति जिला अस्पताल को बेस अस्पताल, सीसीयू और अन्य मांगों पर भी मुखर होकर वार्ता करेगी। इधर, गणेश चौक में उक्त मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के चलते बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर रावत, शांति प्रसाद भट्ट, खेमराज सेमवाल, मुकेश कुमाईं, लक्ष्मी बडोनी क्रमिक अनशन पर डटे रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story