बिना पंजीकरण वाले दोपहिया वाहन बेचने वाले विक्रेताओं पर होगी सख्त कार्रवाई
नैनीताल, 19 अगस्त (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने बिना पंजीकरण वाले दोपहिया वाहनों के सड़क पर संचालन पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीकरण संख्या के वाहन बेचकर संचालन के लिए देने वाले वाहन विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार आजीवन कर की राशि का 15 गुना जुर्माना लगाया जाएगा।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान कुमाऊं मंडल में बिना पंजीकरण संख्या आवंटित हुए दोपहिया वाहनों के सड़कों पर चलने का मामला संज्ञान में आने पर आयुक्त ने संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी और अल्मोड़ा को ऐसे सभी वाहनों की पहचान कर संबंधित वाहन विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सात दिन के भीतर की गई कार्रवाई की आख्या आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को भी कहा है। दीपक रावत ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराना है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

