नगर पालिका की दुकानों को किसी और को सबलेट किये जाने पर जल्द ही होगी कड़ी कार्रवाई : पालिकाध्यक्ष

गोपेश्वर, 04 नवम्बर (हि.स.)। नगर पालिका परिषद गोपेश्वर चमोली की अध्यक्ष पुष्पा पासवान ने कहा कि उनका डेढ़ साल का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा है। उनके कार्यकाल में नगर के विकास के तमाम कार्य हुए हैं, जिनसे जनता को काफी राहत मिली है। उन्होंने नगर पालिका की किराये पर ली गई दुकानों को किसी ओर को किराये पर दिए जाने को लेकर भी गंभीरता से लिया है और इस पर कठोर कार्रवाई किये जाने की बात कही है।
गोपेश्वर में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए पालिकाध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने 20 जून 2022 को अपना पदभार ग्रहण किया था। उसके बाद से लगातार से नगर के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में नगर के हल्दापानी क्षेत्र में हो रहे भूधंसाव के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से लगातार वार्ता करते हुए उसके ट्रीटमेंट के लिए धन अवमुक्त कराया गया। नगर की सफाई व्यवस्था के लिए वाहनों का क्रय किया गया। नगर में गोवंश के लिए सल्टर हाउस का निर्माण किया गया है, जहां पर उनकी देखभाल के लिए दो लोगों को रखा गया है।
उन्होंने बताया कि दीनदलाय उपाध्यक्ष पार्क का सौंदर्यीकरण के साथ ही यहां पर 51 मीटर ऊंचा झंडा फहराया गया है। नगर के सौंदर्यकरण के लिए नगर के विभिन्न दीवालों पर वाल पेंटिंग की गई है। साथ ही गिले कचरे के निस्तारण के लिए दो सेंटर भी स्थापित किये गये हैं। साथ अब नगर पालिका ने एक नई पहल की है जिसके तहत नगर का कचरा नगर से बाहर भेजा जाएगा। जिसका उपयोग अन्य सामग्री बनाने के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका की ओर से नगर में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए नई पार्किंग बनायी जा रही है। साथ ही नगर के चार वार्डों में पानी के पाइपों का जाल समाप्त करने के लिए भी योजना तैयार की है ताकि रास्तों से पाइपों का जाल हटाया जा सके। उन्होंने बताया कि अभी भी नगर के अंतर्गत 135 कार्य संचालित हो रहे है। जिससे पूर्ण होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वे भाजपा की अनुशासित कार्यकत्री है यदि पार्टी ने दोबारा उन्हें मौका दिया तो वे अवश्य की पालिका की सेवा के लिए आगे आयेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/रामानुज