मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने में मीडिया की महत्पूर्ण भूमिका : वी. षणमुगम

WhatsApp Channel Join Now
मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने में मीडिया की महत्पूर्ण भूमिका : वी. षणमुगम


देहरादून, 30 जनवरी (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को आयोजित मीडिया कार्यशाला में कहा कि लोकतंत्र के विकास में मीडिया की अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका है। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य को कराने के लिये मीडिया का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। वास्तविक जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मंगलवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय मीडिया कार्यशाला-2024 का मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. षणमुगम की अध्यक्षता में आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. षणमुगम ने कहा कि निर्वाचन के दौरान मतदाता जागरूकता बढ़ाने,मतदान प्रतिशत बढ़ाने, जनमानस को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने में मीडिया का अत्यंत महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व है। मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी कहा गया है।

उन्होंने मीडिया से अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने में रचनात्मक भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि स्वीप गतिविधियों के तहत होने वाले जागरूकता कार्यों को मीडिया ही जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है।

कार्यशाला में संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय और उप निदेशक रवि बिजारनिया की ओर से निर्वाचन के दौरान मीडिया की भूमिका व उत्तरदायित्व,राज्य और जिला स्तरीय एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एण्ड मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी), मीडिया प्रमाणीकरण, पेड न्यूज, स्वीप गतिविधियों आदि पर उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुतिकरण दिया गया।

कार्यशाला में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रताप सिंह शाह,सयुंक्त सचिव कुश्म चौहान, मुक्ता मिश्रा,उपनिदेशक सूचना मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770190 Articles

Share this story