बीच एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता यथार्थ देशवाल का डीएम ने किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
बीच एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता यथार्थ देशवाल का डीएम ने किया सम्मान


हरिद्वार, 02 मई (हि.स.)। चीन के सान्या में आयोजित छठे बीच एशियन गेम्स में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी यथार्थ देशवाल को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सम्मानित किया। इस दौरान यथार्थ देशवाल ने उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी के कैम्प कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने यथार्थ देशवाल की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देशवाल ने कबड्डी में रजत पदक हासिल कर न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने आशा जताई कि उनकी यह सफलता युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि यथार्थ देशवाल भारतीय टीम के छह सदस्यीय दल का हिस्सा रहे, जिसमें उन्होंने राज्य का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले राज्य के खिलाड़ी भूमिका और राहुल बोरा बहरीन यूथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। महेश जोशी ने कहा कि पिछले छह महीनों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कबड्डी में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

कार्यक्रम में नरेन्द्र सिंह रौथाण, चेतन जोशी, प्रदीप चौधरी, ओ.पी. चौहान, विवेक पडलिया, विमल डबराल, नवीन चौहान, पंकज राठी, सतीश उप्रेती, सुमित कुमार, समीर, विजेन्द्र राठी सहित खेल अकादमी के खिलाड़ी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story