जिला अस्पताल पौड़ी में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर , पहले दिन 424 मरीजों ने लिया निःशुल्क उपचार

WhatsApp Channel Join Now
जिला अस्पताल पौड़ी में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर , पहले दिन 424 मरीजों ने लिया निःशुल्क उपचार


पौड़ी गढ़वाल, 31 जुलाई (हि.स.)। जिला अस्पताल पौड़ी में स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत शुक्रवार से तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले ही दिन 424 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठाया। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज शिविर में पहुंचे।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अपने जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की। शिविर में हड्डी रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, फिजिशियन और महिला रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया। इसके साथ ही निःशुल्क एक्स-रे, पैथोलॉजी जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीबी एवं एनसीडी स्क्रीनिंग तथा दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

पहले दिन 45 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 15 मरीजों की टीबी जांच, 104 प्रयोगशाला जांच, 55 एक्स-रे, 56 नेत्र रोगियों की जांच और तीन गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। वहीं पांच पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एल.डी. सेमवाल, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. मयंक चौहान, डॉ. रूपा, डॉ. गौरव शर्मा, एएनएम नीलम नेगी, नीति डोभाल, विवेक घिल्डियाल, रजनी जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story