कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू का होगा कायाकल्प
पौड़ी गढ़वाल, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों कण्वाश्रम, ताड़केश्वर मंदिर और सिरासू टूरिस्ट पार्क को नया स्वरूप दिया जाएगा। यहां सौंदर्यीकरण के साथ पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को 20 नवंबर तक विकास कार्यों के आगणन तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में कण्वाश्रम में पौराणिक विरासत को आकर्षक स्वरूप देने के लिए थ्रीडी डिजाइन तैयार करने, पैदल मार्ग, घाट, हट्स, सेल्फी प्वाइंट, सोलर लाइट और पेयजल सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा हुई। ताड़केश्वर मंदिर में पैदल मार्ग, रेलिंग, शौचालय, पार्किंग और प्रवेश द्वार का सुधारीकरण किया जाएगा। वहीं, सिरासू टूरिस्ट पार्क में पाथवे, सुरक्षा दीवार, बेंच, चेंजिंग रूम और अस्थायी दुकानें विकसित की जाएंगी।
सिरासू में पर्यटन को रोजगार से जोड़ने के लिए 20 महिलाओं को मेकअप आर्टिस्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही फोटोग्राफी प्रशिक्षण और होमस्टे संचालन को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि तीनों स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

