हरकी पैड़ी पर एक्स मुस्लिम यात्रा विवाद गरमाया, राम विशाल दास का गंगा सभा पर बड़ा हमला
हरिद्वार, 13 अप्रैल (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर एक्स मुस्लिम यात्रा को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गहराता जा रहा है। संत राम विशाल दास महाराज ने प्रेस क्लब में पत्रकारों के समक्ष खुलकर अपनी बात रखते हुए गंगा सभा और उससे जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विद्युत की बिजनौर से कथित एक्स मुस्लिम यात्रा बीते रोज हर की पैड़ी पर पहुंची थी। जिसमें कांग्रेस के पूर्व नेता व वर्तमान संत राम विशाल दास भी सम्मिलित हुए थे यात्रा की समापन के बाद हर की पैड़ी की व्यवस्था देखने वाली तीर्थ पुरोहितों की संस्था गंगा सभा ने इस पर ऐतराज जताया था।
सोमवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए राम विशाल दास ने दावा किया है कि यह यात्रा प्रशासन की अनुमति से बिजनौर से हरिद्वार पहुंची और पूरी तरह सफल रही। उन्होंने कहा कि घर वापसी करने वालों का सम्मान करना उनका कर्तव्य है, इसी भावना के साथ वे हरकी पैड़ी पहुंचे थे। विवाद को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि गंगा सभा के स्वयंसेवकों ने केवल जूते उतरवाए, किसी को टोपी हटाने के लिए मजबूर नहीं किया गया।
संत रामविशाल ने आरोप लगाया कि उन्हें गंगासभा से जुड़े सिद्धार्थ चक्रपाणी और उज्जवल पंडित का फोन आया, जिसमें उनका विरोध करने की चेतावनी दी गई थी। राम विशाल दास ने गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम और तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित को इस पूरे विवाद के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दोनों को उनके पद से हटाने की मांग भी की। आरोप लगाया कि हरकी पैड़ी अब ठगी का अड्डा बन चुकी है, जिससे धार्मिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उज्ज्वल पंडित द्वारा उनके ऊपर लगाये आरोपों का जवाब देते हुए राम विशाल दास ने कहा कि वे संत परंपरा से दीक्षित हैं और गंगा सभा ने उन्हें संत नहीं बनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें कालनेमी कहा गया तो संत समाज इसका विरोध करेगा। इस बयान के बाद हरिद्वार का धार्मिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है। आने वाले दिनों में यह विवाद और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

