विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश


हरिद्वार, 29 मई (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तंबाकू निषेध, मध्यस्थता और प्री-लिटिगेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधिक प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर रहीं। गोष्ठी में क्वांटम यूनिवर्सिटी के विधि विभाग के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के रोहित यादव और विनोद कुमारी ने तंबाकू सेवन और नशे की लत से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।

कार्यक्रम में एडीजीसी सिविल अनिल कुमार ने प्री-लिटिगेशन एवं मध्यस्थता की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। वहीं एडीजीसी (फौजदारी) कुशल पाल सिंह चौहान ने मध्यस्थता अधिनियम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। एडीजीसी पॉक्सो आदेश चंद्र चौहान ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराया, जबकि अधिवक्ता ललित मिगलानी ने बढ़ते साइबर क्राइम व एनडीपीएस एक्ट से संबंधित जानकारियां साझा कीं।

गोष्ठी के दौरान क्वांटम यूनिवर्सिटी के विधि विभाग के छात्र-छात्राओं ने एक प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने इसकी सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर सिविल जज सीनियर डिवीजन ज्योति बाला, प्रथम अपर सिविल जज (एसडी), एसीजेएम छवि बंसल ने नुक्कड़ नाटक सहित अन्य प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और गोष्ठी में विचार रखने वाले वक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story