पुलिस लाइन में निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप, दो सौ से अधिक ने उठाया लाभ

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस लाइन में निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप, दो सौ से अधिक ने उठाया लाभ


हरिद्वार, 26 मई (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की पहल पर पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सोमवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद में निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। व्यस्त और तनावपूर्ण दिनचर्या के बीच पुलिस परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में करीब 200 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों की स्वास्थ्य जांच की गई।

कैंप में वेलमेड हॉस्पिटल के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ईसीजी, ब्लड प्रेशर, रैंडम शुगर तथा आंखों की जांच की। साथ ही हृदय, पेट, आंत, लीवर सहित अन्य बीमारियों से संबंधित समस्याओं पर निशुल्क परामर्श भी दिया गया।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में व्यस्त दिनचर्या के कारण स्वस्थ रहना बड़ी चुनौती बन चुका है। पुलिसकर्मी लगातार तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पुलिस परिवार के अच्छे स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के मेडिकल कैंप लगातार आयोजित किए जाएंगे।

स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम में डॉ. रोहित कुमार चौहान (कार्डियक विशेषज्ञ), डॉ. संदीप कुमार (डीएम गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट), डॉ. साहिल महाजन (मेडिकल ऑफिसर), आयुषी (ऑप्टोमेट्रिस्ट) सहित अन्य मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा। कैंप के आयोजन में सागर कोहली, वैभव कोशी और महावीर नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कैंप का लाभ उठाने वाले पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों ने एसएसपी हरिद्वार और चिकित्सा टीम का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story