इंडियन ऑयल ने क्षय रोगियों को बांटी पोषण किट

WhatsApp Channel Join Now
इंडियन ऑयल ने क्षय रोगियों को बांटी पोषण किट


हरिद्वार, 22 मार्च (हि.स.)। इण्डियन ऑयल कारपोरेशन के उत्तरी पानीपत रिफाइनरी प्रभाग द्वारा पोषण हेतु गोद लिए गए क्षय (टीबी) मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर में पोषण किट वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों के पोषण स्तर को सुधारकर उन्हें बीमारी से जल्द स्वस्थ होने में सहायता प्रदान करना है।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) पानीपत रिफाइनरी विवेक शर्मा ने कहा कि इण्डियन ऑयल कारपोरेशन देश में टीबी उन्मूलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी हरिद्वार जिले के लगभग 650 टीबी मरीजों को पोषण सहायता के लिए गोद लिया जा चुका है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नलिन असवाल ने कॉर्पोरेट क्षेत्र द्वारा इस प्रकार की पहल को सराहनीय बताया।

एसटीएस टीबी कार्यक्रम लक्सर अभिषेक कुमार ने कहा कि इंडियन ऑयल की इस पहल से प्रेरित होकर अन्य कॉर्पोरेट संस्थान भी टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग को जिले को क्षय रोग मुक्त बनाने में काफी सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कनिका शर्मा, अवनीश कुमार और आशीष शर्मा सहित अन्य लोगों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story