चारधाम यात्रा से पहले मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में सघन चेकिंग, बीडीएस व डॉग स्क्वायड की टीमों ने खंगाला परिसर

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा से पहले मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में सघन चेकिंग, बीडीएस व डॉग स्क्वायड की टीमों ने खंगाला परिसर


चारधाम यात्रा से पहले मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर में सघन चेकिंग, बीडीएस व डॉग स्क्वायड की टीमों ने खंगाला परिसर


हरिद्वार, 31 मार्च (हि.स.)। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वायड की टीमों ने मां मनसा देवी मंदिर और मां चंडी देवी मंदिर परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा क्राइम मीटिंग के दौरान आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के क्रम में जनपद पुलिस के साथ बीडीएस और डॉग स्क्वायड की टीमें भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को टीमों ने मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर क्षेत्र में पहुंचकर परिसर, आने-जाने वाले मार्गों और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी ली। इस दौरान प्रशिक्षित स्वानों और आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और वाहनों की बारीकी से जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके। पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में भी जनपद के प्रमुख मंदिरों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इसी तरह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story