पुलिस जवानों को सौगात, पुलिस लाइन में बनेगा आधुनिक हेल्थ क्लब

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस जवानों को सौगात, पुलिस लाइन में बनेगा आधुनिक हेल्थ क्लब


हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह की पहल पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में अत्याधुनिक हेल्थ क्लब हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इस हेल्थ क्लब के बनने के बाद पुलिस जवानों और उनके परिवारों को एक ही छत के नीचे फिटनेस ट्रेनिंग, स्वास्थ्य संबंधी टिप्स और आधुनिक व्यायाम उपकरणों की सुविधा मिल सकेगी।

हेल्थ क्लब हॉल के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरेश बंसल पहुंचे। उनके साथ आदेश चौहान और राजीव शर्मा भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया और पुलिस लाइन में इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए बजट उपलब्ध कराने पर आभार व्यक्त किया।

बताया गया कि करीब 24 लाख 95 हजार की लागत से बनने वाला यह हेल्थ क्लब हॉल सांसद निधि के माध्यम से तैयार किया जा रहा है। भूमि पूजन के दौरान अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

हरिद्वार पुलिस की इस पहल को पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और मानसिक फिटनेस की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हेल्थ क्लब बनने के बाद जवानों को बेहतर फिटनेस वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल दोनों मजबूत होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story