मुख्यमंत्री धामी ने मनोज जखमोला के आवास पहुंचकर जताया शोक

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री धामी ने मनोज जखमोला के आवास पहुंचकर जताया शोक


हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार काे हरिपुर कलां पहुंचकर पूर्व भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनोज जखमोला के आवास पर उनकी पुत्री के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए संतान को खोने का दु:ख अत्यंत असहनीय और पीड़ादायक होता है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा प्रदेश परिवार के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना की। उन्होंने कहा कि दिवंगत आत्मा की स्मृतियां सदैव परिवार के साथ रहेंगी और परिवार को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव भट्ट, पार्षद आकाश भाटी, राजेश लखेड़ा, मधुकर शर्मा तथा सत्य प्रकाश जखमोला सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story