काठापीर दरगाह पर छोटी रोशनी की रस्म के साथ मेला शुरू
हरिद्वार, 31 मई (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र की प्रसिद्ध हजरत शाह मोहम्मद शाह उर्फ काठापीर दरगाह पर रविवार को छोटी रोशनी की रस्म अदायगी के साथ मेले का शुभारंभ हो गया। पहले दिन मेले में जायरीनों की अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली, लेकिन सोमवार से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है।
रविवार को दरगाह परिसर में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल के बीच छोटी रोशनी की रस्म अदा की गई। रस्म के बाद दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे जायरीनों ने दरगाह पर चादर और प्रसाद चढ़ाकर अमन-चौन, खुशहाली और परिवार की सलामती की दुआ मांगी। दरगाह परिसर दिनभर अकीदतमंदों की आवाजाही से गुलजार रहा।
मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल और पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने दरगाह परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दरगाह परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गई है। चौकी पर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से मेले में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मेला समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि सोमवार से मेले में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होगी। उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पर पहुंचते हैं। मेले के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
काठापीर दरगाह का यह मेला क्षेत्र की सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक माना जाता है, जहां हर धर्म और समुदाय के लोग पहुंचकर दरगाह पर माथा टेकते हैं और अपनी मुरादें मांगते हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि आगामी दिनों में मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, जिसके मद्देनजर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

