प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में प्रवाहित

WhatsApp Channel Join Now
प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में प्रवाहित


हरिद्वार, 16 मई (हि.स.)। शनिवार को समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियों का पूरे विधि-विधान के साथ गंगा में विसर्जन किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों की आंखें नम हो गईं और माहौल बेहद भावुक हो उठा।

सबसे मार्मिक क्षण तब आया, जब छोटी बेटी पद्मजा ने अपने पिता के लिए आई लव यू पापा लिखा एक छोटा-सा कार्ड अस्थियों के साथ गंगा में प्रवाहित किया। दिल के निशान वाले इस कार्ड को देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया। उनके तीर्थ पुरोहित ने अस्थि विसर्जन कर्म वीआईपी घाट पर करवाया।

अस्थि विसर्जन की रस्म आदित्य यादव ने निभाई। वहीं उनकी पत्नी अपर्णा यादव बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ घाट पर मौजूद रहीं। पूजा-अर्चना के दौरान अपर्णा यादव फूट-फूटकर रो पड़ीं, जिन्हें परिवार के अन्य सदस्यों ने संभाला। छोटी बेटी पद्मजा ने अस्थियों को माथे से लगाकर अपने पिता को अंतिम विदाई दी।

इस मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव की मौजूदगी में पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। परिवार के सभी सदस्य हाथ जोड़कर श्रद्धांजलि देते नजर आए।

इस दौरान तेज यादव, अक्षय यादव, अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी हरिद्वार में मौजूद रहे। गौरतलब है कि प्रतीक यादव का निधन 13 मई को हुआ था, जबकि 14 मई को उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story