सोशल मीडिया वीडियो से आक्रोश!…सिख समाज का गुस्सा फूटा, कोतवाली में हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
सोशल मीडिया वीडियो से आक्रोश!…सिख समाज का गुस्सा फूटा, कोतवाली में हंगामा


हल्द्वानी , 19 जून (हि.स.)। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो में समुदाय के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में शुक्रवार को कोतवाली में लिखित तहरीर सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।सिख प्रतिनिधियों का कहना है कि अनिल मैखुरी नामक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो में सिख समुदाय को लेकर विवादित टिप्पणियां की गई हैं, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे। तहरीर पर गुरप्रीत सिंह प्रिन्स, परमजीत सिंह पम्मा, मनप्रीत सेठी, इंदरपाल सिंह, बनप्रीत नागपाल, बलवीर सिंह, गुरजीत कोहली, इंदरजीत सिंह, अमनपाल पिंडी, जसप्रीत चड्ढा, हरप्रीत नागपाल, पवन नागपाल, गुरविंदर भसीन, तरनप्रीत बिन्द्रा, बलविंदर धवन, जसमीत छाबड़ा सहित कई प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।प्रतिनिधियों ने कहा कि सिख समाज सदैव देश में भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का समर्थक रहा है, लेकिन किसी भी धर्म या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने प्रशासन से मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।इस बीच स्थानीय युवाओं ने भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के भड़काऊ सामग्री साझा न की जाए, क्योंकि इससे सामाजिक तनाव बढ़ सकता है। वहीं स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी घटना पर चिंता जताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद बढ़ाना नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण तरीके से न्याय सुनिश्चित करना और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story