टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता में आरव नेगी, कायरा भंडारी रही अव्वल

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 07 सितंबर (हि.स.) द्वितीय राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न वर्गों में हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया। जिला प्रशासन, खेल विभाग और जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता के लिए छह उच्च गुणवत्ता वाली टेबलें उपलब्ध कराई गई हैं।

जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव भारत बिष्ट ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग में देहरादून के आरव नेगी प्रथम, नैनीताल के हिमांशु नयाल द्वितीय तथा नैनीताल के सुमित सिंह और देहरादून के अर्पित तृतीय रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग में देहरादून की कायरा भंडारी ने पहला, नैनीताल की दिव्या जोशी ने दूसरा तथा चमोली की दिया सैनी और देहरादून की आदित्री ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग में कायरा भंडारी प्रथम, विदुषी जोशी द्वितीय तथा विदुषी धनाई और रिया पंवार संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। वहीं पुरुष वर्ग में देहरादून के आकाश गुप्ता ने पहला, अर्पित ने दूसरा तथा आरव नेगी और नैनीताल के चेतन पंत ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इससे पूर्व दूसरे दिन प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर देती हैं। इस अवसर पर उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग, सचिव प्रिंस, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, शेफाली गुरुंग सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story