जिला विकास प्राधिकरण की अवैध निर्माणों पर सख्ती प्राथमिकता : मनीष
नैनीताल, 09 जून (हि.स.)। नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त सचिव मनीष कुमार सिंह ने कहा है कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों पर प्रभावी रोक लगाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि सभी भवन निर्माण कार्य निर्धारित नियमों एवं भवन उपविधियों के अनुरूप ही किये जाएंगे तथा क्षेत्र में सुनियोजित एवं नियंत्रित विकास सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
मनीष कुमार सिंह ने कहा कि भवन उपविधियों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानकों के विपरीत किये जा रहे निर्माण कार्यों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास प्राधिकरण का उद्देश्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि पर्यावरणीय एवं भौगोलिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए संतुलित विकास सुनिश्चित करना भी है।
इसके लिए निर्माण गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए क्षेत्र के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास के लिए प्राधिकरण प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

