12 और निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस, अब तक 101 स्कूलों पर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
12 और निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस, अब तक 101 स्कूलों पर कार्रवाई


नैनीताल, 10 मई (हि.स.)। जनपद में निजी विद्यालयों द्वारा महंगी पुस्तकें और अतिरिक्त शुल्क थोपे जाने के मामलों पर जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने 12 और निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इसके साथ ही अब तक नोटिस प्राप्त करने वाले विद्यालयों की संख्या बढ़कर 101 पहुंच गई है।

नोटिस प्राप्त करने वाले विद्यालयों में सेंट लॉरेंस स्कूल देवलचौड़ हल्द्वानी, दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी, केवीएम पब्लिक स्कूल हीरानगर हल्द्वानी, माउंट लीटेरा जी स्कूल रामपुर रोड हल्द्वानी, दिल्ली पब्लिक स्कूल रामपुर रोड हल्द्वानी, ओरम द ग्लोबल स्कूल हल्द्वानी, जस गोविन स्कूल रामपुर रोड हल्द्वानी, डीएवी स्कूल हल्द्वानी, नैनी वैली स्कूल हल्द्वानी, गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी, शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी तथा टीआरवी स्कूल बरेली रोड हल्द्वानी शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई बच्चों को निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 तथा उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है।

विद्यालयों को 15 दिन के भीतर संशोधित पुस्तक सूची जारी कर एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता देने, विक्रेता विशेष की बाध्यता समाप्त करने, वेबसाइट पर शुल्क संरचना और बुक लिस्ट सार्वजनिक करने तथा अतिरिक्त वसूली गई धनराशि का समायोजन या वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story