नीलकंठ पहुंचने वाले कांवडियाें की संख्या पहुंची 49 लाख, अंतिम चरण में भी उमड़ रहे शिवभक्त

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 11 अगस्त (हि.स.)। सावन मास में आयोजित प्रसिद्ध श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन शिवभक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। नीलकंठ महादेव मंदिर में अब तक 49 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन एवं जलाभिषेक कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। मंगलवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दोपहर तक करीब तीन लाख शिवभक्तों ने मंदिर पहुंचकर भगवान नीलकंठ महादेव का जलाभिषेक किया। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में भी नीलकंठ धाम और पैदल मार्गों पर आस्था का विराट सैलाब नजर आ रहा है।

देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे शिवभक्त हर चुनौती को पार करते हुए भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा समापन की ओर बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति का ज्वार लगातार बना हुआ है। लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पौड़ी पुलिस के सामने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। यात्रा शुरू होने से लेकर अब तक पुलिस अधिकारी और जवान लगातार विभिन्न मोर्चों पर तैनात हैं। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मार्ग व्यवस्था के साथ ही जरूरतमंदों की मदद पर भी पुलिस का विशेष जोर है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story