स्त्री राेग व प्रसूति सहित टीकाकरण वार्ड काे द्वतीय तल पर करें शिफ्ट

WhatsApp Channel Join Now
स्त्री राेग व प्रसूति सहित टीकाकरण वार्ड काे द्वतीय तल पर करें शिफ्ट


नई टिहरी, 12 अगस्त (हि.स.)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने जिला मुख्यालय के निकट बादशाहीथौल में आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा का औचक निरीक्षण कर सेवाओं का जायजा लिया। बुधवार को सीएमओ डॉ. राम प्रकाश ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर बादशाहीथौल में सीएचओ को निर्धारित समय-सीमा में एएनसी लक्ष्य पूरा करने, गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं का टीकाकरण ससमय करने निर्देश दिए। वहीं सीएचसी चंबा में स्त्री रोग एवं प्रसूती वार्ड, टीकाकरण सेवाओं को द्वितीय तल पर व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

अस्पताल में कार्यरत डॉ. रुखसार को लेबर रूम प्रभारी नामित करते हुए नर्सिंग स्टाफ को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के निर्देश भी दिए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुखराज सिंह को अस्पताल में स्वच्छता, मरीजों की सुविधा, आवश्यक दवाओं एवं जांच सेवाओं की उपलब्धता सहित सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। स्वच्छता, ड्रेस प्रोटोकॉल, बायोमेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण के भी निर्देश दिए। वहीं शौचालयों की सफाई संतोषजनक न मिलने पर तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने दवा स्टोर, डेंटल वार्ड, जनरल वार्ड, लैब व पैथोलॉजी वार्ड का भी निरीक्षण किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story