गूलरभोज में शहीद अशोक शाही की स्मृति में शहीद द्वार का हुआ शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
गूलरभोज में शहीद अशोक शाही की स्मृति में शहीद द्वार का हुआ शिलान्यास


उधमसिंहनगर, 02 अगस्त (हि.स.)। गूलरभोज के कूल्हा चौराहे पर वर्ष 2006 में शहीद हुए वीर सैनिक अशोक शाही की स्मृति में बनने वाले शहीद द्वार का गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने रविवार को विधिवत शिलान्यास किया। यह शहीद द्वार पूर्व सैनिकों की बीस वर्षों से चली आ रही मांग का परिणाम है, इससे क्षेत्र के पूर्व सैनिकों एवं शहीद के परिजनों में खुशी की लहर है।

शहीद अशोक शाही भारतीय सेना की गार्ड रेजीमेंट में तैनात थे और वर्ष 2006 में मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके सम्मान में स्वागत द्वार अथवा स्टेडियम बनाए जाने की मांग गदरपुर क्षेत्र के पूर्व सैनिक लंबे समय से करते आ रहे थे। आखिरकार आज यह मांग पूरी होने पर शहीद के परिवार के लिए यह भावुक और ऐतिहासिक पल बन गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीद अशोक शाही के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह शहीद द्वार आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। वहीं विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि शहीदों का सम्मान करना समाज और राष्ट्र का कर्तव्य है व उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम में गदरपुर ब्लॉक पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन धन सिंह कोरंगा, दुर्गा सिंह राणा, विनोद भट्ट, महिपाल कोश्यारी, नंदन कोश्यारी, शहीद की पत्नी भावना शाही, दीपा चूफाल, सूबेदार मेजर हिम्मत सिंह कुंवर सहित अनेक पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story