अमित शाह से मिले धन सिंह रावत ,उत्तराखंड के सहकारिता मॉडल पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह से मिले धन सिंह रावत ,उत्तराखंड के सहकारिता मॉडल पर हुई चर्चा


नई दिल्ली/देहरादून, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री को राज्य में सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने हाल में संपन्न जिला सहकारी बैंकों के चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों की सफलता और सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लागू 33 प्रतिशत आरक्षण के बारे में भी बताया।

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन की प्रगति से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। डॉ. रावत ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण आजीविका के अवसर बढ़ाने तथा मिलेट उत्पादन को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चम्पावत में जिला सहकारी बैंकों के संचालन तथा सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत करने से जुड़े विषय भी रखे गए।

डॉ. रावत के अनुसार, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन के विस्तार और नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सहकारिता चुनावों में भाजपा को मिली सफलता के लिए डॉ. रावत के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story