सेवानिवृत्ति के बाद भी मरीजों की सेवा करने को तैयार सीएमओ शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्ति के बाद भी मरीजों की सेवा करने को तैयार सीएमओ शुक्ला


पौड़ी गढ़वाल, 30 जुलाई (हि.स.)। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी यदि शासन और प्रशासन उन्हें अवसर देता है, तो वह पहले की तरह जिले के विभिन्न अस्पतालों में रेडियोलॉजी सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सेवा उनके जीवन का उद्देश्य है और वह अपने अनुभव का लाभ भविष्य में भी लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।

गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. शुक्ला ने कहा कि शुक्रवार को वह सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गईं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के लिए भूमि उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य संस्थानों को वाहन उपलब्ध कराने और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पूरी स्वास्थ्य टीम के सहयोग से जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। डॉ. शुक्ला ने सभी चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story