सीमाद्वार में जलभराव पर जिलाधिकारी सख्त, 24 घंटे में सफाई और पानी निकासी के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सीमाद्वार में जलभराव पर जिलाधिकारी सख्त, 24 घंटे में सफाई और पानी निकासी के निर्देश


देहरादून, 18 अगस्त (हि.स.)। देहरादून में बारिश के बाद जलभराव की समस्या को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को सीमाद्वार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को 24 घंटे के भीतर नालियों की सफाई कराने और डिवाटरिंग पंप के जरिए जमा पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने आईटीबीपी रोड और सीमाद्वार क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विधायक सविता कपूर भी मौजूद रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव से आमजन को किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होनी चाहिए और समस्या के तत्काल, अस्थायी और स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि जब तक जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो जाता, तब तक पटवारी सीमाद्वार क्षेत्र में ही रहकर स्थिति की निगरानी करेंगे। डिवाटरिंग कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ स्थानीय स्तर पर आने वाली छोटी समस्याओं का भी तत्काल निस्तारण किया जाएगा। जलभराव की निकासी के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही आवश्यक बजट की स्वीकृति दी।

जिलाधिकारी ने सीमाद्वार में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था का विस्तृत सर्वेक्षण कराने और ड्रेनेज सिस्टम के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका तेजी से क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए।

इससे पहले जिलाधिकारी ने न्यूकैंट रोड पर यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। सेंट्रियो मॉल क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर अवैध रूप से खड़े चौपहिया और दोपहिया वाहनों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के चालान किए।

उन्होंने सड़क किनारे संचालित अवैध फड़-फेरी और अस्थायी दुकानों को तत्काल हटाने तथा नो-पार्किंग के स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। लोनिवि को न्यूकैंट रोड के चौड़ीकरण के लिए विस्तृत सर्वे कराने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण में बाधक पुलिस चेकपोस्ट और अन्य संरचनाओं को आवश्यकतानुसार स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए, ताकि न्यूकैंट क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने अधिकारियों को अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधा के खिलाफ समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव सहित पुलिस, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story