डीपीसी चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित, 17 सदस्य चुने जाएंगे

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 17 जबकि नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से 3 सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है।

डीएम नितिका ने बताया कि नगरीय निकायों के लिए निर्धारित तीन प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में टिहरी और नरेंद्रनगर पालिका, मुनिकीरेती पालिका और तपोवन नगर पंचायत जबकि चंबा, कीर्तिनगर, लंबगांव, चमियाला, घनसाली और गजा गजा क्षेत्र शामिल हैं। प्रत्येक प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र से एक सदस्य निर्वाचित किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 12 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक जिला पंचायत कार्यालय बौराड़ी जबकि संबंधित नगरीय निकायों के सदस्यों के लिए नगर पालिका परिषद कार्यालय बौराड़ी नई टिहरी से प्राप्त किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से होगी।

अभ्यर्थी 14 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 16 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान, इसी दिन अपराह्न 3 बजे से मतगणना शुरू होगी। बताया कि डीपीसी चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता 9 अक्तूबर 2026 से प्रभावी हो गई है। संबंधित अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story