मेडिकल कॉलेज को लेकर नई टिहरी में सत्याग्रह आंदाेलन जारी

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 09 अगस्त (हि.स.)। जिला मुख्यालय जनई टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण करने की मांग को लेकर श्रीदेव सुमन पार्क में जन जागरण सत्याग्रह धरना 8 वें दिन जारी रहा। वहीं मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने जिला मुख्यालय के बौराड़ी सेक्टर 5ए में लोगों से समर्थन मांगा।

रविवार को श्रीदेव सुमन पार्क में जन जागरण सत्याग्रह धरने पर बैठे पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट ने कहा कि जब तक सरकार मेडिकल कॉलेज निर्माण की घोषणा नहीं कर देती है, उनका सत्याग्रह जारी रहेगा। कहा कि टिहरी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव होने के चलते लोगों को समुचित उपचार नहीं मिल पाता है। जिला अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गया है। प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर लोगों में पिछले साढे़ चार साल से असमंजस बना है।

वहीं संघर्ष समिति के संयोजक डॉ़ राकेश भूषण गोदियाल, सह संयोजक भगवान सिंह रावत ने बताया कि समिति से जुड़े लोग लगातार नगर के विभिन्न स्थानों पर में बैठक कर लोगों से जन समर्थन जुटाने में लगे हैं। बताया जल्द मामले में मुख्यमंत्री से वार्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी। 15 अगस्त तक निर्णय नहीं होता है तो 16 अगस्त से समिति धरना-प्रदर्शन और रैली के माध्यम से सरकार को जगाने का काम करेगी।

इस मौके पर आर्यन भट्ट, नवीन सेमवाल, अमित रतूड़ी, राहुल बुटोला, विक्रम तोपवाल, जितेंद्र सेमवाल, प्रमोद पंवार, नरोत्तम जखमोल, शिवराज सजवाण, महिपाल नेगी, दर्शनी रावत, एमएल सेमल्टी, संदीप रावत, कमल सिंह महर, सीपी डबराल, जमुना प्रसाद सेमवाल, अनुसूया नौटियाल मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story