सरस मेले में उद्योग विभाग ने बताईं स्वरोजगार की योजनाएं, महिला उद्यमियों और युवाओं को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
सरस मेले में उद्योग विभाग ने बताईं स्वरोजगार की योजनाएं, महिला उद्यमियों और युवाओं को किया जागरूक


हल्द्वानी , 27 नवंबर (हि.स.)। सरस आजीविका मेला 2026 के चौथे दिन आज को जिला उद्योग केंद्र की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।पल्लवी गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर हाथ को काम और हर परिवार को आत्मनिर्भर बनाना है। इसी दिशा में उद्योग विभाग की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एमएसएमई नीति के तहत नए उद्योग स्थापित करने पर पूंजी अनुदान, ब्याज अनुदान और स्टांप शुल्क में छूट जैसी सुविधाएं दी जाती हैं।

पहाड़ी क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान है।उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत बेरोजगार युवाओं को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए बैंक ऋण के साथ 15 से 35 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है। वहीं, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख रुपये और सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजनाओं पर अनुदान एवं ब्याज अनुदान का प्रावधान है।

उन्होंने उत्तराखंड उद्यम एकल खिड़की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक अनुमतियां, लाइसेंस और एनओसी अब एक ही पोर्टल के माध्यम से प्राप्त की जा सकती हैं। इससे उद्यमियों के समय और धन की बचत होती है। उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के तहत नवाचार करने वाले युवाओं को मासिक भत्ता, प्रोटोटाइप अनुदान, पेटेंट और मार्केटिंग सहायता उपलब्ध कराई जाती है।इसके अलावा पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण, टूलकिट सहायता, कम ब्याज पर ऋण और प्रमाण पत्र दिए जाने की जानकारी भी दी गई।

उन्होंने युवाओं और कारीगरों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं ने योजनाओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनका पल्लवी गुप्ता ने सरल भाषा में जवाब दिया। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी पहुंचकर योजनाओं की जानकारी और आवेदन में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।कार्यक्रम में जूट शिल्प विकास एवं संवर्धन के तहत तैयार बैग, दर्पण, कटोरी और पुष्प सहित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया। हस्तशिल्प एवं लघु उद्योग क्षेत्र में चयनित उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

दृश्य कला एवं चित्रकारी के क्षेत्र में कुसुम पांडे ने प्रथम और राखी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, लघु उद्योग श्रेणी में मुक्तेश्वर एग्रो फ्रूट प्रथम और ऑर्गेनिकम द्वितीय स्थान पर रहा। चयनित उद्यमियों एवं संस्थाओं को दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।इस दौरान महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र पल्लवी गुप्ता को कुमाऊंनी ऐपण पेंटिंग भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री रेणु अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, पंचायत सदस्य छवि कांडपाल सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story