बालगंगा नदी में गिरी सेंट्रो कार, एक शव बरामद, दूसरा लापता
नई टिहरी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। घनसाली बालगंगा तहसील के घनसाली बूढ़ा केदार मोटर मार्ग पर छतियारा के समीप एक सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर बालगंगा नदी में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि दूसरा व्यक्ति लापता है। पुलिस, फायर सर्विस और अन्य राहत दल लापता व्यक्ति व वाहन की तलाश में जुटे हैं।
थानाध्यक्ष घनसाली प्रशांत बहुगुणा के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:15 बजे सभासद महेंद्र पाल ने मोबाइल फोन से पुलिस को सूचना दी कि एक वाहन तलेबन के पास बालगंगा नदी में गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही चमियाला चौकी पुलिस, घनसाली थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को दो व्यक्ति ग्राम सेंदुल से सेंट्रो कार से वेल्डिंग के काम के सिलसिले में बूढ़ाकेदार क्षेत्र के मेढ़ गांव गए थे। वापसी के दौरान छतियारा गांव से करीब दो किलोमीटर पहले उनकी कार सड़क से नीचे उतरकर बालगंगा नदी में जा गिरी। हादसे का पता शनिवार को तब चला, जब एक बकरी चराने वाले व्यक्ति ने नदी में वाहन और शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
बचाव दल ने मौके से अनुराग निवासी केशवपुरी, डोईवाला का शव वाहन से बाहर मिला। पुलिस ने शव को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेलेश्वर भिजवाया। वहीं, दूसरे व्यक्ति जसपाल, पुत्र स्व लाल सिंह, निवासी केशवपुरी, थाना डोईवाला, देहरादून की तलाश की जा रही है।
बालगंगा नदी का बहाव तेज होने के कारण कार नदी के बीच में फंसी हुई है। पुलिस और राहत दल लापता व्यक्ति तथा वाहन को निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। हादसे की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी तलाश अभियान के बाद सामने आ सकेगी।
_______________
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

