सफाई कर्मचारी संघ का नगर पालिका में धरना

WhatsApp Channel Join Now
सफाई कर्मचारी संघ का नगर पालिका में धरना


नैनीताल, 13 अप्रैल (हि.स.)। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। संघ के महासचिव सोनू सहदेव ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से किरायेदारी, प्रतीक्षा सूची, एसीपी लाभ सहित अन्य सेवा संबंधी मांगों को लेकर प्रशासन से वार्ता कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 12 अप्रैल तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 13 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

धरना स्थल पर सफाई कर्मचारी अपने परिवारों सहित मौजूद रहे और प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कहा कि वे नगर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निरंतर कार्यरत हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। संघ ने किरायेदारी का निस्तारण, प्रतीक्षा सूची के कर्मचारियों की समस्या का समाधान, एसीपी का समय पर लाभ तथा अन्य लंबित मुद्दों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story