जिले के 723 स्थानों पर स्थापित की सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें

WhatsApp Channel Join Now
जिले के 723 स्थानों पर स्थापित की सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें


नई टिहरी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य, सुविधा और माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से प्रयास जारी हैं। बाल विकास विभाग ने जनपद में 723 स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। जिससे महिलाओं व किशोरियों को जरूरत के समय कम कीमत पर सेनेटरी पैड उपलब्ध हो रहे हैं। वहीं इस्तेमाल किए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों, बालिका विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिलाओं एवं किशोरियों की अधिक आवाजाही वाले सार्वजनिक स्थानों पर सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं। एक सेनेटरी पैड मात्र ढाई रुपये में प्राप्त किया जा सकता है। पांच रुपये का सिक्का डालने पर दो पैड मिलते हैं। बताया कि माहवारी स्वच्छता महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़ा विषय है। आवश्यक स्वच्छता सामग्री की सुलभ उपलब्धता से उन्हें सुविधा मिलने के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलती है।

मशीनों की उपयोगिता और आवश्यकता के आधार पर भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। सेनेटरी पैड की उपलब्धता के साथ ही इस्तेमाल किए गए पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए अधिकांश स्थानों पर सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीनें (इनसिनरेटर) भी लगाई हैं।

इन उपकरणों में उच्च तापमान के माध्यम से इस्तेमाल किए गए पैड का निस्तारण किया जाता है। गौरव के अनुसार मशीनों की नियमित रिफिलिंग और संचालन पर ध्यान दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story