विज्ञान क्विज सीनियर वर्ग में साहिल और जूनियर में आदर्श विजेता
नई टिहरी, 29 सितंबर (हि.स.)। प्रतापनगर ब्लॉक के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव में प्रतापनगर विकासखंड की द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन किया गया। विज्ञान क्विज के वरिष्ठ वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज गालूडधार के साहिल प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज सिलारी के रोहन और राजकीय इंटर कॉलेज मुखेम की अमृता संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं कनिष्ठ वर्ग में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय झिंवाली के आदर्श प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज थपला के ऋषभ द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज सिलारी के अनमोल तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इससे पहले खंड शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार और राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव के प्रधानाचार्य धनराज सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बीईओ दीपक कुमार ने कहा कि विज्ञान में सीखने की अनंत संभावनाएं हैं। ऐसे में विद्यार्थी नियमित रूप से विषय की पढ़ाई करें।
उन्होंने विजेता छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रमोद बिजल्वाण, कुलदीप चौहान, लवजीत बधानी, द्वारिका प्रसाद, अनिल नेगी, नरेश बिजल्वाण, अनिल सिंह, प्रवीण नौटियाल, चंचल मणि थपलियाल, नदीम अहमद आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

