नैनीताल के आठ वर्षीय नन्हे जादूगर साहिल को मिला बड़ा मंच, सुहानी शाह के साथ दिखाया हुनर

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल के आठ वर्षीय नन्हे जादूगर साहिल को मिला बड़ा मंच, सुहानी शाह के साथ दिखाया हुनर


नैनीताल, 19 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल की सड़कों पर जादू दिखाकर लोगों का दिल जीतने वाले रामनगर के आठ वर्षीय नन्हे जादूगर साहिल को अब बड़ा मंच मिल गया है। लोगों का मन पढ़ने की कला के लिए प्रसिद्ध जादूगर और सामाजिक माध्यमों की चर्चित हस्ती सुहानी शाह के मंच पर पहुंचकर साहिल ने अपनी जादूगरी का प्रदर्शन किया है। इससे पहले उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी उसकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उसकी पढ़ाई और जादू की कला को आगे बढ़ाने में सहयोग की इच्छा जता चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि रामनगर निवासी साहिल अपनी जादूगरी के प्रदर्शन के कारण पहले ही सामाजिक माध्यमों पर चर्चा का विषय बन चुका है। हालांकि इच्छा जताने के बावजूद साहिल को आनंद महिंद्रा की ओर से किसी प्रत्यक्ष सहायता की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन सुहानी शाह के मंच तक पहुंचना उसके जीवन का बड़ा अवसर माना जा रहा है। साहिल की प्रतिभा को मिले इस मंच ने यह भी दिखाया है कि सामाजिक माध्यमों का सकारात्मक उपयोग अभावों में जी रहे प्रतिभाशाली बच्चों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकता है। उम्मीद जताई जा रही है कि साहिल की सफलता ऐसे अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा बनेगी, जो संसाधनों की कमी के बावजूद अपने हुनर के दम पर आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story