ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में रुद्रपुर और रामपुर की टीमों ने दर्ज की जीत
नैनीताल, 08 जून (हि.स.)। 100वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता-2026 के अंतर्गत सोमवार को खेले गये पहले मुकाबले में चैंपियन हॉकी क्लब रामपुर ने पिथौरागढ़ इलेवन को 5-1 से और दूसरे मुकाबले में रुद्रपुर ने सुल्तानपुर को 5-1 से पराजित कर एकतरफा शानदार जीत दर्ज की।
पहले मैच में मध्यांतर तक रामपुर की टीम 3-1 से बढ़त बनाए हुए थी। रामपुर की ओर से उदश्शिर ने 14वें और 15वें मिनट में दो गोल किये। सुहेल ने 20वें और 32वें मिनट में दो गोल दागे, जबकि सनी ने 60वें मिनट में एक गोल किया। पिथौरागढ़ इलेवन की ओर से सौरभ ने 11वें मिनट में एकमात्र गोल किया। मैच के तकनीकी अधिकारियों में रोहित साह, राजेश साह, ललित साह, दीपक साह, कैलाश बोरा तथा संजय गुप्ता शामिल रहे, जबकि उद्घोषणा का दायित्व मनोज चौहान ने निभाया।
वहीं दूसरे मुकाबले में गोमती हॉकी क्लब सुल्तानपुर और ऊधम सिंह नगर इलेवन, रुद्रपुर के बीच खेला गया। मैच को रुद्रपुर ने 5-1 से अपने नाम किया।
मध्यांतर तक रुद्रपुर की टीम 2-0 से आगे थी। रुद्रपुर की ओर से विजय ने 9वें मिनट में, अंकित ने 29वें और 36वें मिनट में तथा अभिनंदन ने 59वें मिनट में गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता में दोनों विजेता टीमों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अगले दौर के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

