कैंची धाम तहसील के बसगांव में गहराया भू-धसाव , ग्रामीणों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
कैंची धाम तहसील के बसगांव में गहराया भू-धसाव , ग्रामीणों में दहशत


नैनीताल, 07 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल जनपद की कैंची धाम तहसील के बेतालघाट विकासखंड स्थित बसगांव में भूधंसाव का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। आवासीय भवनों के नीचे लगभग 200 मीटर क्षेत्र में एक मीटर तक गहरी दरारें पड़ने से दस से अधिक परिवारों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। राजस्व विभाग ने स्थल का निरीक्षण कर मामले की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजने तथा भूगर्भीय सर्वे कराने की आवश्यकता जताई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बसगांव में बीते वर्ष नवंबर में दरारें सामने आने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री कैंची धाम की तत्कालीन उपजिलाधिकारी मोनिका के निर्देश पर राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील टीम के साथ गांव पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया था। लेकिन उसके बाद कोई स्थायी कार्रवाई नहीं हो सकी। अब लगातार हो रही बारिश के कारण दरारें और गहरी हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि करीब दर्जनभर मकानों के नीचे धंसाव बढ़ रहा है। साथ ही मकानों के ऊपरी हिस्से में बने पेयजल टैंकों से रिसाव भी भूमि धंसने का कारण बन सकता है। निरीक्षण के दौरान एक मकान की सुरक्षा दीवार में भी दरारें मिलने के साथ कोसी नदी की ओर से भी गांव की दिशा में नई दरारें बढ़ती हुई पाई गईं। स्थानीय निवासी अनूप सिंह नेगी, मोहन सिंह, दीवान सिंह, पूरन सिंह, प्रताप सिंह तथा लक्ष्मी दत्त नैनवाल ने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षा उपाय करने की मांग की।

राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील ने बताया कि दरारों से खतरा बढ़ने की आशंका है। मामले की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भेजी जाएगी तथा भूगर्भीय सर्वे के बाद धंसाव और दरारों के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story