बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा, पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बीस सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा, पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश


नैनीताल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने शुक्रवार को भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन, उनकी वर्तमान स्थिति और आमजन तक पहुंच की समीक्षा की गई।

रामपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उसका लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय क्षेत्र में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रश्मि पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेख बिष्ट, जिला खाद्य अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित श्रम, समाज कल्याण और अन्य विभागों के ज़िले स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story