एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों का पंजीकरण अनिवार्य : जिलाधिकारी
नैनीताल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य में डिजिटल कृषि मिशन के अंतर्गत एग्रीस्टैक योजना लागू की जा रही है, जिसके तहत किसानों का पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि एग्रीस्टैक में पंजीकरण होने से किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि ऋण, अनुदान तथा बीज एवं उर्वरक का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि जनपद में अपेक्षानुसार किसानों का पंजीकरण कम है। इसलिये मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा जिला सहायक निबंधक को निर्देश दिए हैं कि एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों के पंजीकरण के कार्य में गति लाने के लिए राजस्व परिषद के निर्देशों के क्रम में सहकारिता, ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अभियान चलाकर किसानों का पंजीकरण कराने को कहा है। जिलाधिकारी के अनुसार एग्रीस्टैक एक डिजिटल मंच है, जिसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र में विभिन्न हितधारकों को एकीकृत कर किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस मंच के माध्यम से किसानों को सुलभ ऋण, उच्च गुणवत्ता वाले कृषि आदान, स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सलाह तथा बाजार तक अधिक जानकारीपूर्ण और सुविधाजनक पहुंच मिल सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

